पटना: तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव से जुड़ी बातें एक बार फिर चर्चा में हैं। यूट्यूबर नेहा सिंह राठौर के पॉडकास्ट में अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने कई बातें कही हैं। तेज प्रताप यादव ने इन बातों पर कड़ी नाराजगी जताई है और यूट्यूबर पर पैसों की मांग का आरोप लगाया है।
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स और अपने यूट्यूब चैनल टीवाई नेटवर्क पर बयान जारी कर आकाश यादव के इंटरव्यू पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि आकाश यादव द्वारा नेहा सिंह राठौर के चैनल पर दिए गए इंटरव्यू में उनके संबंध में लगाए गए आरोपों का वह कड़ा खंडन करते हैं। उनका कहना है कि बार-बार एक ही बात दोहराकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि पूर्व में नेहा सिंह राठौर इंटरव्यू लेने उनके पास आई थीं और उस दौरान उनसे पैसों की मांग की गई थी, जिसके कारण उन्होंने इंटरव्यू देने से साफ इनकार कर दिया था। उनका आरोप है कि पैसे न देने के चलते यूट्यूबर ने आकाश यादव का इंटरव्यू किया। उन्होंने कहा कि लगातार उनके विरुद्ध बयानबाजी से उन्हें सुनियोजित साजिश की आशंका है। उन्होंने बताया कि मखाना से जुड़े मामले में वह पहले ही सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज करा चुके हैं।
तेज प्रताप यादव ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि नेहा सिंह राठौर के मामले में भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी की प्रतिष्ठा धूमिल करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है और वह सत्य व सम्मान की लड़ाई कानूनी तरीके से लड़ेंगे।
