केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया है। नई दिल्ली में 14वें CII बायोएनर्जी समिट को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से कारों को कोई नुकसान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा, "अब किसी की कार खराब नहीं हो रही है। अब कार ठीक है।" उन्होंने वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।

गडकरी ने आरोप लगाया कि करीब दो से तीन महीने पहले इथेनॉल के खिलाफ एक अभियान चलाया गया था, जिसका मकसद वाहन मालिकों के मन में डर और भ्रम पैदा करना था। उनके मुताबिक, यह पैसे देकर चलाया गया कैंपेन था। केंद्रीय मंत्री ने तेल आयात से जुड़ी लॉबी पर भी निशाना साधा और कहा कि कुछ समूह अपने कारोबारी हितों की रक्षा के लिए पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की पहल का विरोध कर रहे हैं। गडकरी लंबे समय से वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की वकालत करते रहे हैं, जिससे आयातित कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम हो सकती है।

इससे पहले अगस्त में गडकरी ने संसद में कहा था कि E20 पेट्रोल पुरानी गाड़ियों के लिए भी सुरक्षित है, जिनमें 1 अप्रैल 2017 से पहले बनी और रजिस्टर्ड वाहन भी शामिल हैं। उन्होंने डीएमके सांसद कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन के सवाल के जवाब में बताया था कि प्रयोगशाला अध्ययन और फील्ड ट्रायल में इस ईंधन से वाहनों में असामान्य टूट-फूट या परफॉर्मेंस में बड़ा बदलाव सामने नहीं आया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से माइलेज में 2 से 6 फीसदी तक की कमी आ सकती है।

समिट में गडकरी ने पेट्रोल और डीजल के विकल्प के तौर पर मेथनॉल, बायोडीजल और हाइड्रोजन के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। उन्होंने करीब 3,000 नए गोबरधन प्लांट लगाने की योजना का जिक्र किया, जिनके जरिए जैविक कचरे को ऊर्जा में बदला जा सकेगा। साथ ही इथेनॉल से विमानन ईंधन तैयार करने, कार्बन डाइऑक्साइड को यूरिया में बदलने और एलपीजी के विकल्प के तौर पर डाइमिथाइल ईथर (DME) की संभावनाओं पर भी बात की।