पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन के बीच जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने सेतु के निर्माण का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया है। उन्होंने कहा कि इस पुल की परिकल्पना से लेकर कार्ययोजना और कॉन्ट्रैक्ट अवार्ड तक की प्रक्रिया 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले पूरी हो चुकी थी, जब न भाजपा की सरकार थी और न राजद की। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह नीतीश कुमार की सोच और प्रयास का परिणाम है, इसलिए सेतु पर उनके नाम पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। किशोर ने कहा कि इस सेतु का 100 प्रतिशत श्रेय सिर्फ और सिर्फ नीतीश कुमार को जाता है।
प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य को उतनी चिंता और प्राथमिकता नहीं मिल रही जितनी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने 12 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब देते हुए बताना चाहिए कि बिहार दूसरे राज्यों के मुकाबले लगातार पिछड़ क्यों रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की प्रति व्यक्ति आय आज राष्ट्रीय औसत का महज 33 प्रतिशत रह गई है, जबकि आजादी के समय यह अनुपात करीब 70 प्रतिशत था।
किशोर ने प्रधानमंत्री के सामने तीन सवाल रखे—बिहार की स्थिति कब सुधरेगी, युवाओं को रोजगार के लिए पलायन कब नहीं करना पड़ेगा और डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बाढ़ की विभीषिका से मुक्ति कब मिलेगी। सेतु के नामकरण पर बयानबाजी के बीच उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी के नाम पर ट्रेन चल सकती है तो नीतीश कुमार के नाम पर पुल बनने में क्या आपत्ति है। साथ ही सवाल उठाया कि अगर नीतीश कुमार का इतना सम्मान है तो सरकारी कार्यक्रमों के पोस्टर और प्रचार में उनकी तस्वीर क्यों नहीं दिखाई देती।
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि जदयू को धीरे-धीरे भाजपा राजनीतिक रूप से अपने नियंत्रण में ले रही है और आज जदयू को अमित शाह चला रहे हैं। विधानसभा और विधान परिषद में नियुक्तियों को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली और भ्रष्टाचार की शिकायतें पहले से सामने आ रही थीं और कुछ नियुक्तियां रद होने के बाद मामला उजागर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार व्यवस्था की नस-नस में घुसा हुआ है और बिना पैसे दिए काम कराना मुश्किल हो गया है। किशोर ने कहा कि शीतकालीन सत्र में जिन मुद्दों को उठाने का अवसर मिलेगा, उन सभी सवालों को मीडिया के सामने भी रखा जाएगा।
