गौतमबुद्ध नगर में शादी, फार्महाउस पार्टी या नववर्ष के कार्यक्रम में शराब परोसने की योजना बनाने वालों को आबकारी विभाग के नियमों की जानकारी जरूरी है। जिले में FL-11 इवेंट बार लाइसेंस के बिना शराब परोसना और दूसरे राज्यों की शराब का इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में आयोजक और वेन्यू संचालक दोनों पर अलग-अलग एक-एक लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है।
शादी के मौसम और नववर्ष के जश्न को देखते हुए उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। निजी पार्टियों, विवाह समारोहों और अन्य कार्यक्रमों में शराब परोसने के लिए अब FL-11 अस्थायी बार लाइसेंस लेना जरूरी है। यह नियम क्लब, सोसाइटी के कम्युनिटी हॉल, फार्महाउस, रिसॉर्ट, बैंक्वेट हॉल, मैरिज गार्डन, होटल और रेस्तरां हॉल सहित सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर लागू होगा।
आबकारी विभाग के अनुसार, इन समारोहों में केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए मंजूर वैध शराब ही परोसी जा सकती है। अगर किसी पार्टी में हरियाणा, दिल्ली या किसी दूसरे राज्य की शराब का स्टॉक या सेवन पाया जाता है, तो उसे गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। जांच में FL-11 लाइसेंस के बिना शराब परोसने या दूसरे राज्य की शराब मिलने पर प्रशासन कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा। ऐसी स्थिति में लाइसेंस धारक या आयोजक और वेन्यू के मालिक या प्रबंधक दोनों पर अलग-अलग एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है।
गौतमबुद्ध नगर के जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि त्योहार, शादी समारोह और नववर्ष के कार्यक्रमों को देखते हुए जिले में अवैध और दूसरे राज्यों की शराब बेचने या परोसने को रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्लब, फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल या होटल में FL-11 लाइसेंस के बिना शराब परोसना गैरकानूनी है। यदि किसी आयोजन में अन्य राज्य की शराब मिलती है या नियमों का उल्लंघन होता है, तो आयोजक और वेन्यू स्वामी दोनों पर अलग-अलग एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
