नोएडा के सेक्टर 54 में शहीद पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह करीब सात बजे स्कूटी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठे किशोर आशू झा की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे उसके दोस्त कार्तिक को चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए थे, जिससे स्कूटी ट्रॉली से जा टकराई।

बिहार के मुजफ्फरपुर के समभूता गांव निवासी आशू झा गाजियाबाद के शास्त्री नगर स्थित गुरुकुल में वेद आचार्य की शिक्षा ले रहा था और वहां आठ साल से रह रहा था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त कार्तिक के साथ नोएडा सेक्टर 23 में पूजा कराने आया था। पूजा के बाद दोनों स्कूटी से गाजियाबाद लौट रहे थे। कार्तिक हेलमेट पहनकर स्कूटी चला रहा था, जबकि आशू बिना हेलमेट पीछे बैठा था।

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और आशू के सिर से खून बहने लगा। राहगीरों ने पुलिस की मदद से दोनों को सेक्टर 71 के एक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आशू को मृत घोषित कर दिया। कार्तिक का उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी उमेशचंद्र नैथानी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। आशू के मामा रमेश मिश्रा की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सेक्टर 24 थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।