दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, विशेष ट्रैफिक व्यवस्था के चलते सोमवार को उत्तरी दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रह सकता है। दोपहर तीन बजे से जरूरत के मुताबिक विभिन्न सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। कुछ मार्गों पर पाबंदियां लगाने के साथ ही वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा सकता है। हालांकि, आपातकालीन वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आउटर रिंग रोड पर वजीराबाद फ्लाईओवर से सलीमगढ़ वाई-पाइंट तक यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा शामनाथ मार्ग, लोक निवास मार्ग, अंडर हिल रोड, राजपुरा रोड, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी रोड, डा. कर्णवाल मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग पर भी जरूरत के अनुसार ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वजीराबाद फ्लाईओवर, उसके नीचे, आइपी रेड लाइट, शामनाथ मार्ग-बुलेवार्ड रोड टी-पाइंट, खैबर पास, युधिष्ठिर सेतु वाई-पाइंट और उसके नीचे विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा चांदगी राम अखाड़ा, सेंट स्टीफंस कालेज रेड लाइट, रानी झांसी फ्लाईओवर, बर्फ खाना चौक और ओल्ड जीटी करनाल रोड पर भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इन स्थानों से भारी और व्यावसायिक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे यात्रा के दौरान इन मार्गों से बचें और परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।