इंग्लैंड में रहने वाले एक NRI युवक ने होशियारपुर में बिना दहेज शादी करके समाज के सामने मिसाल पेश की है। युवक का परिवार मूल रूप से भारत से जुड़ा है और उसके पिता चाहते थे कि बेटे की शादी अपनी मिट्टी में ही हो। युवक ने शादी से पहले साफ कर दिया था कि वह दहेज में एक रुपया भी नहीं लेगा।
इंग्लैंड के हैकनी में रहने वाले सैल सिंह पेशे से सरकारी ड्राइवर हैं। उनके पिता नीटू सिंह की इच्छा थी कि बेटे का विवाह भारत में ही हो, इसलिए उन्होंने बेटे को इसके लिए प्रेरित किया। सैल सिंह ने शादी के लिए हामी भरी, लेकिन यह शर्त रखी कि दहेज में कुछ भी स्वीकार नहीं करेंगे। इसके बाद राजस्थान के अलवर निवासी जसप्रीत कौर के साथ उनका रिश्ता तय हुआ।
दोनों परिवारों की सहमति के बाद 11 नवंबर को होशियारपुर के पांच सितारा होटल अंबर में शाही अंदाज में विवाह समारोह आयोजित किया गया। लड़के का परिवार इंग्लैंड से और लड़की के परिजन अलवर से होशियारपुर पहुंचे। समारोह में धूमधाम खूब हुई, लेकिन दहेज के नाम पर एक रुपया भी नहीं लिया गया।
बातचीत में सैल सिंह ने बताया कि बिना दहेज शादी करने के पीछे उनके परिवार के संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि पिता ने उन्हें यही सीख दी कि रिश्ते की बुनियाद प्यार, सम्मान और आपसी समझ होनी चाहिए, न कि लेन-देन। उनके लिए जीवनसाथी से बड़ा कोई उपहार नहीं है। उन्होंने कहा कि बेटी किसी बोझ नहीं, बल्कि परिवार का अनमोल हिस्सा है और समाज को भी इसी सोच के साथ आगे आना चाहिए।
