भुवनेश्वर। ओडिशा में संभावित चक्रवात का प्रभाव कम होने के बावजूद बाढ़ की आशंका और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जल संसाधन विभाग सतर्क है। विभाग की प्रमुख शासन सचिव शुभा शर्मा ने गुरुवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर राज्य के विभिन्न नदी बेसिनों में बारिश की स्थिति, जलाशयों के जलस्तर और बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में शुभा शर्मा ने सभी मुख्य अभियंताओं और नदी बेसिन प्रबंधकों से उनके क्षेत्रों में हुई बारिश, जलाशयों के जलस्तर, पानी के प्रवाह और निकासी तथा प्रमुख जल संरचनाओं की कार्यशील स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बारिश की बदलती स्थिति और जलाशयों में आने-जाने वाले पानी पर लगातार नजर रखने तथा निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप जलाशयों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि चक्रवात का प्रभाव कम होने के बावजूद बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने अगले 24 घंटे को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को दिन-रात सतर्क रहने को कहा। जल प्रवाह में होने वाले बदलावों की लगातार निगरानी और किसी भी संभावित खतरे की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए गए। जलाशयों में अचानक अधिक पानी आने की आशंका, निचले इलाकों की स्थिति का आकलन और जरूरत पड़ने पर तत्काल समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया।

बैठक में क्षेत्रीय अधिकारियों, नदी बेसिन प्राधिकरणों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि लगातार निगरानी, समय पर सूचनाओं के आदान-प्रदान और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी से आम लोगों, उनकी आजीविका और महत्वपूर्ण जल संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। विभाग ने कहा कि चक्रवात का प्रभाव कम होने के बावजूद राज्य में 24 घंटे निगरानी, सतर्कता और समन्वित तैयारियां जारी रहेंगी और सभी क्षेत्रीय अधिकारी अलर्ट रहेंगे।