ओडिशा के उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव ने विधानसभा में टाटा पावर की बिजली वितरण कंपनियों के आउटसोर्स कर्मचारियों के आंदोलन पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने 192 कस्टमर केयर असिस्टेंट की बहाली की मांग खारिज करते हुए बिजली आपूर्ति बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

सिंहदेव ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की ओर से मई 2026 में दिए गए आश्वासन के बाद किसी कर्मचारी को काम से नहीं हटाया गया है। आंदोलनकारी अक्टूबर 2025 में हटाए गए 192 कस्टमर केयर असिस्टेंट की बहाली की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी आंदोलन शुरू होने से काफी पहले हटाए गए थे और मई 2026 की बातचीत में यह मुद्दा कभी उठाया ही नहीं गया।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इन सीसीए का काम अब 24 घंटे संचालित अत्याधुनिक कॉल सेंटर से स्वचालित रूप से हो रहा है, इसलिए इन्हें दोबारा बहाल करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की न्यूनतम वेतन और बोनस संबंधी मांग पहले ही स्वीकार की जा चुकी है, जिसका क्रियान्वयन वेज कोड, 2019 के प्रावधानों के अनुरूप होगा। मई 2026 में रखी गई सभी मांगों को भी सरकार स्वीकार कर चुकी है।

सिंहदेव ने आंदोलन के दौरान 33 केवी, 132 केवी और 400 केवी बिजली नेटवर्क के टावरों पर चढ़कर टीपीसीओडीएल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित करने की कोशिश की निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां तोड़फोड़ की श्रेणी में आती हैं और इनसे अस्पतालों, एम्स, एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा जिला मुख्यालय अस्पतालों की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे हजारों मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की सेवाएं भी बाधित हो सकती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार सार्वजनिक सेवाओं को प्रभावित नहीं होने देगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।