संसद के शीतकालीन सत्र से पहले परिसीमन के मुद्दे पर सियासत फिर तेज हो गई है। कांग्रेस की अगुवाई वाला इंडिया गठबंधन खुद को एकजुट बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार विधेयक को पारित कराने के लिए हर संभव प्रयास कर सकती है। शीतकालीन सत्र जल्द बुलाए जाने की संभावना है, जिसमें महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने से जुड़े प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन पर विचार हो सकता है। इस संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है।

कांग्रेस रणनीतिकारों का मानना है कि इंडिया गठबंधन अपने पुराने रुख पर कायम है। गठबंधन का कहना है कि लोकसभा की 543 सीटों को अगले 25 सालों तक सीमित रखा जाए और इसी आधार पर 2029 के चुनाव में 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाए। रणनीतिकारों के मुताबिक आम आदमी पार्टी और डीएमके भी इस पर सहमत हैं, इसलिए केंद्र सरकार के लिए परिसीमन विधेयक पारित कराना बेहद मुश्किल होगा। इससे पहले इस साल 16 अप्रैल को विपक्ष के विरोध के चलते सरकार यह विधेयक पारित नहीं करा सकी थी।

विपक्ष की नाराजगी सिर्फ सीटों की संख्या बढ़ने से दक्षिण और छोटे राज्यों को होने वाले नुकसान को लेकर नहीं है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सदस्य के तौर पर नामित करना भी मंजूर नहीं है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर ज्ञानेश कुमार विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। विपक्ष जहां सार्वजनिक तौर पर उनके खिलाफ निशाना साध रहा है, वहीं संसद और अदालत में भी कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।

सरकार महिला आरक्षण कानून लागू करने के मकसद से संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए विशेष या विस्तारित सत्र बुलाने की संभावना पर विचार कर रही है, लेकिन बैठक की तारीख और अवधि की घोषणा अभी नहीं हुई है। दक्षिणी राज्यों की चिंताएं दूर करने के लिए सरकार प्रत्येक राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है। विचाराधीन विकल्पों में एक यह भी है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी 361 वोटों की जरूरत है। तीन सीटें खाली होने के कारण अभी सदन में 540 सदस्य हैं। NDA के पास 320 सांसद हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे कुछ विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बीते गुरुवार को भरोसा जताया कि यह विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा। इधर मानसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 100 दिन बाद भी दोनों सदनों का सत्रावसान नहीं किया गया है, जो अपने आप में नया रिकॉर्ड है।