लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर AIMIM और आजाद समाज पार्टी की संयुक्त रैली हुई। इसमें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों पर तीखा हमला बोला। अपने ऊपर लगने वाले भड़काऊ भाषण के आरोपों पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने सपा और कांग्रेस नेताओं को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस या बीजेपी में कोई भाषण देने वाला हो तो उसे लाकर उनसे मुकाबला कराया जाए, वे 5 मिनट में उसे गूंगा करके वापस भेज देंगे। ओवैसी ने कहा कि अगर गरीबों के हक और सच्चाई की बात करना भड़काना है, तो वे बार-बार भड़काएंगे।

रैली में ओवैसी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि रैली में उमड़ी एक लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ समाजवादी नेता को यह संदेश दे रही है कि अब जनता उनकी धोखेबाजी का शिकार नहीं होगी। ओवैसी ने आरोप लगाया कि जब मुजफ्फरनगर की सर्दी में बच्चे तड़प-तड़प कर मर रहे थे, तब अखिलेश यादव सैफई में मुंबई से नाचने वालों को बुलाकर दो घंटे नाच देख रहे थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश समाजवाद की बात करते हैं, मगर काम सिर्फ अपने परिवार का करते हैं।

ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद यूपी में गठबंधन के बाद पहली बार एक मंच पर आए। दोनों ने अपने मोर्चे को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया। रैली में लगे होर्डिंग्स पर लिखा था कि दलित का बेटा सीएम और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का सीएम चेहरा बताते हुए कहा कि अब दिल मिल चुके हैं और जमीन पर इंकलाब लाना है। उन्होंने ऐलान किया कि अब अब्दुल सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि दलित भाई चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि अब बाबा के दिन खत्म होने वाले हैं और यूपी में बुलडोजर व हाफ एनकाउंटर से नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान से इंसाफ होगा। सीएम योगी के एक बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि AI से एक करोड़ नाम कटने की बात पता करने वाले मुख्यमंत्री तो साइंटिस्ट निकले। इससे पहले चंद्रशेखर आजाद ने भारी भीड़ का आभार जताते हुए भावुक अंदाज में कहा कि रात से बसों और मोटरसाइकिलों से आए माताओं, बहनों और नौजवानों के हक के लिए अगर उन्हें अपना कलेजा चीरकर खून का एक-एक कतरा कुर्बान करना पड़ा, तो उनके मुंह से आह तक नहीं निकलेगी। AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने नारा लगाते हुए कहा कि दलित और मुसलमान मिलकर अपने भाई चंद्रशेखर को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे।