एससीओ समिट में शामिल होने भारत आए पाकिस्तान के क्लाइमेट चेंज मिनिस्टर मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि से जुड़े सवाल पर कहा कि पहले आसान मुद्दों पर बात करते हैं। वह पिछले तीन साल में भारत का दौरा करने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। पिछले साल अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि रद्द कर दी थी।

मलिक ने कहा कि पहले आसान मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए और बाद में पाकिस्तान से जुड़े ज्यादा चिंता वाले विषयों पर बात की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में शांति होनी चाहिए और यहां के मसले सुलझाए जाने चाहिए। उनके मुताबिक, इस क्षेत्र का पहला फोकस गरीब और कमजोर लोगों पर होना चाहिए, जो पहाड़ों के आसपास रहते हैं।

पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि आठ या दस देशों के लोग यहां एक साथ आए हैं और यह बेहतर होगा कि सभी एक साथ बैठकर उन लोगों पर चर्चा करें जिनकी जिंदगी पर इन मसलों का असर पड़ता है। उन्होंने इसे आसान बातचीत बताते हुए कहा कि पहले आसान बातचीत की जानी चाहिए।

भारत की मेजबानी में रविवार को हुए एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच ने 'इंद्रप्रस्थ घोषणापत्र' नाम का दस्तावेज जारी किया, जिसमें सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और हर सभ्यता को समान आवाज के रूप में सम्मान देने की बात कही गई है। पुराने किले में हुए तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर को किया था। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता नहीं हुई, हालांकि भोज के दौरान भारतीय पक्ष के सदस्यों ने उनसे बातचीत की।