इस्लामाबाद/नई दिल्ली: पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मामलों के मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा है कि उनका भारत आना एक जिम्मेदारी थी। वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की एक बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे। मलिक ने नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस बैठक का आयोजन भारत के संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय ने मिलकर किया था। इस यात्रा को भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार के तौर पर देखा गया, हालांकि विशेषज्ञों ने किसी बड़े बदलाव से इनकार किया है। कुछ विशेषज्ञों ने मलिक को भेजे जाने पर सवाल भी उठाए थे, क्योंकि बैठक में पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिंची के आने की ज्यादा संभावना जताई जा रही थी।

गेटवे हाउस को दिए इंटरव्यू में मुसादिक मलिक ने कहा कि उन्हें भारत आने में कोई रिस्क नहीं लगा। उन्होंने एससीओ बैठक में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने को बड़ी जिम्मेदारी बताया। जियोपॉलिटिक्स का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एससीओ में शामिल हर देश के पास बड़े मुद्दे हैं, जिन्हें सभी मिलकर ही सुलझा सकते हैं और इनका असर सबसे कमजोर लोगों पर ज्यादा पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसा फोरम होना चाहिए जहां सभी मिलकर चिंताएं साझा कर सकें और समस्याओं का हल ढूंढ सकें।

मलिक ने पर्यावरण का संबंध संस्कृति और सभ्यताओं से भी जोड़ा। उन्होंने बताया कि एससीओ बैठक में अपने भाषण में उन्होंने मोहनजोदड़ो की सभ्यता का जिक्र किया, जिसकी दीवारें 2020 में बाढ़ और बारिश से हुई तबाही में गिर गई थीं। उन्होंने कहा कि यह सब जलवायु परिवर्तन से जुड़ा है और वर्तमान में कोई सभ्यता दूसरी सभ्यता पर बुरा असर नहीं डाल रही, बल्कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण को पहुंच रहा नुकसान सब पर असर डाल रहा है।

सिंधु जल संधि विवाद पर मुसादिक मलिक ने कहा कि फिलहाल वह एससीओ सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में भारत सिंधु जल संधि पर बातचीत के लिए बुलाता है तो वह इसके लिए भी तैयार हैं और किसी द्विपक्षीय बैठक से इनकार नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि एससीओ में भी कई देशों से मुद्दे सुलझाने हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि हर मुद्दा दुश्मनी वाला हो।