नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर के बीच आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद में हिस्सा लेने आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने दिल्ली से लौटने के बाद कहा है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि भारत में पाकिस्तान को लेकर इतनी नफरत की जाती है। उन्होंने यह बात एक बातचीत में कही।

कार्यक्रम में इस सवाल पर कि क्या उन्हें अंदाजा था कि भारत में पाकिस्तान को लेकर इतनी नफरत है, मलिक ने कहा कि इतना अंदाजा नहीं था और वे इस पर कुछ निश्चित नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि सवाल पूछने वाले कुछ पत्रकार बहुत ज्यादा ध्रुवीकृत लग रहे थे और सख्त लहजे में बात कर रहे थे। मलिक ने कहा कि उन्हें लगा कि वहां राजनीतिक ध्रुवीकरण काफी गहरा है।

मलिक ने यह भी कहा कि उनसे मिलने वाले कई लोग गंभीर थे, अपने विचार रख रहे थे और उनकी बातें भी सुन रहे थे, लेकिन माहौल में कड़वाहट और ध्रुवीकरण मौजूद था। उन्होंने बताया कि चूंकि वे पहले कभी भारत नहीं आए थे, इसलिए उन्हें आम लोगों से मिलने या घूमने का मौका नहीं मिला।

मलिक ने कहा कि इस दौरे का मकसद एससीओ के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता दोहराना था और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई। साथ ही उन्होंने सांस्कृतिक संबंधों और बातचीत के जरिए विवादों को सुलझाने पर जोर दिया।