पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने शनिवार को नई दिल्ली के पुराना किला में पहले एससीओ सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम को संबोधित करते हुए हुमायूं और शेरशाह सूरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यही वो विविधता है, जिसे सेलिब्रेट करने के लिए उन्हें यहां बुलाया गया है।
मलिक ने कहा कि जिस किले में यह बैठक हो रही है, वह खुद एक कहानी है। इसकी बुनियाद हुमायूं ने रखी, जो तैमूर के वंशज हैं और मध्य एशिया से आए। बाद में इसे शेरशाह सूरी ने आगे बढ़ाया, जो एक अफगान हैं और अफगानिस्तान से यहां आए। उन्होंने कहा कि इसी को डायलॉग ऑफ सिविलाइजेशन नाम दिया गया है।
मलिक ने कहा कि दोनों शासकों का पुराना किला के निर्माण से जुड़ाव रहा है और यह किला इतिहास की कई परतों की कहानी समेटे हुए है। उन्होंने एक्स पर अपने संबोधन का वीडियो साझा करते हुए उर्दू में भी लिखा कि यह किला अपने आप में एक कहानी है। उन्होंने ‘एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी’ जैसी बात भी लिखी।
भारत पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार शाम को किया था। इस अवसर पर मलिक सहित एससीओ के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित सत्र में मलिक ने कहा कि संवाद अलग-अलग पहचानों और विविधताओं के बीच होता है और वे यहां इसी संवाद के लिए आए हैं। पहलगाम में 2025 में हुए हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के मंत्री पहली बार भारत की यात्रा पर आए हैं।
