अन्नाद्रमुक के महासचिव इडाप्पडी के पलानीस्वामी ने शनिवार को दावा किया कि तमिलनाडु में टीवीके सरकार कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति सहित कई समस्याओं के कारण अपने आप गिर जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार को गिराने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबरें मीडिया की अटकलें हैं, क्योंकि विधानसभा में अन्नाद्रमुक के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास के कुप्रबंधन के कारण उद्योगों के पड़ोसी राज्यों में जाने और मेकेदातु परियोजना पर ठोस कदम नहीं उठाए जाने जैसी समस्याओं के चलते टीवीके सरकार अपने आप गिर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार कर्नाटक से राज्य के हिस्से का पानी हासिल करने में विफल रही है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक को कावेरी नदी का 11 हजार मिलियन क्यूबिक फीट पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग वाली तमिलनाडु सरकार की दो याचिकाएं खारिज कर दी थीं। इसके कुछ ही घंटों बाद द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री विजय से परेशान किसानों को बचाने, इस मुद्दे पर प्रस्ताव पारित करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया था।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में स्टालिन ने कहा कि पानी की अनुपलब्धता और कम जलस्तर के कारण सिंचाई के लिए मेट्टूर बांध से पानी नहीं छोड़े जाने से खेती पहले ही चौपट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब पानी की कमी और कर्नाटक के सिंचाई के लिए कावेरी जल का उचित हिस्सा न छोड़े जाने के कारण बाकी फसल भी मुरझा रही है। स्टालिन ने संकट का सामना कर रहे किसानों के प्रति मुख्यमंत्री की मौन मुद्रा पर सवाल उठाया।
