पाली जिले की नई जिला प्रमुख सीता बावरी चर्चा में हैं। मारवाड़ जंक्शन ब्लॉक के हिंगोला खुर्द गांव की रहने वाली 34 वर्षीय सीता बावरी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आधे-अधूरे ईंटों के मकान में रहती हैं और साधारण जीवन जीती हैं। राजस्थान के 26 जिलों में महिलाएं जिला प्रमुख बनी हैं, लेकिन सीता बावरी का सफर संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीता बावरी के पास महज पांच बीघा जमीन है। वे अपने पति खेताराम के साथ बंटाई पर करीब 50 बीघा खेतों में खेती करती हैं और उसी से परिवार का जीवन यापन चलता है। जब जिला परिषद के वार्ड नंबर 25 की सीट आरक्षित वर्ग की महिला के लिए आई, तो विधायक केसाराम चौधरी ने उन्हें बुलाकर चुनाव लड़ने का टिकट दिया। साक्षर सीता और उनके पति के लिए यह फैसला आश्चर्य से कम नहीं था।

मकान और जमीन को मिलाकर सीता बावरी के पास कुल संपत्ति करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है। जिला प्रमुख बनने के बाद सीता ने विश्वास दिलाने की कोशिश की है कि वे अपने क्षेत्र के विकास का पूरा प्रयास करेंगी। पति खेताराम ने भी कहा है कि समाज से मिले अवसर पर वे खरे उतरेंगे और सभी को साथ लेकर पार्टी के निर्देशानुसार काम करेंगे।

सीता ने जीवन में यह पहला चुनाव लड़ा था। वार्ड 25 से 931 मतों के अंतर से जीत दर्ज करने के बाद सीता देवी पाली की 12वीं जिला प्रमुख बनी हैं। 11 साल बाद मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र में किसी को ऐसा राजनीतिक प्रवेश और पद मिला है। चुनावी दस्तावेजों के अनुसार उनकी शैक्षणिक योग्यता ‘साक्षर’ दर्ज है। जिला प्रमुख चुनाव में सीता देवी बावरी (भाजपा) को 19 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी निरमा चौहान (कांग्रेस) को 14 मत मिले।