पलवल जिले में यमुना नदी के खादर क्षेत्र में अवैध रेत खनन का सिलसिला जारी है। खनन विभाग के अनुसार जिले में सुल्तानपुर गांव में खनन का एक वैध पट्टा है, लेकिन चांदहट, रहीमपुर, राजूपुर खादर, गुरवाड़ी, प्रहलादपुर, सुल्तानपुर, माहोली, सतुआगढ़ी, मोहबलीपुर और काशीपुर समेत 15 से अधिक गांवों में अवैध खनन की शिकायतें आती रही हैं। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के ग्रामीण भी यहां आकर अवैध खनन करते हैं। रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भारी वाहनों से रेती निकालकर बेची जाती है।

खनन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इसी महीने करीब 20 वाहनों पर कार्रवाई की गई है और पूरे वर्ष में 200 से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई होती है। वाहन जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाता है। हालांकि, कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन जारी रहना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। खनन निरीक्षक कोमल कुमार ने बताया कि जहां भी अवैध खनन की सूचना मिलती है, वहां टीम कार्रवाई करती है और सरकारी कार्य में बाधा डालने या टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाता है।

बीते सोमवार रात लीखी गांव के समीप रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े जाने पर खनन विभाग की टीम पर हमले का आरोप है। आरोप है कि माफिया ने साथियों के साथ मिलकर सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट की और ट्रैक्टर के नीचे कुचलने का प्रयास किया। ट्रॉली में भरी रेती सड़क पर खाली कर दी गई। घटना में टीम के दो कर्मचारी घायल हुए। पुलिस ने खनन निरीक्षक की शिकायत पर सात नामजद सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

यह पहली घटना नहीं है। 15 फरवरी 2025 को बामनीखेड़ा गांव के पास अवैध रेत ले जा रहे हाईवा ट्रक को रोकने पर हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो और खनन विभाग की संयुक्त टीम पर थार सवारों ने हमला किया था। 28 जनवरी 2026 को चांदहट के समीप हाईवा ट्रक सीज करने पर खनन विभाग और स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो की टीम पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला किया गया था। 28 अक्टूबर 2026 को पलवल शहर के समीप रसूलपुर रोड पर अधिकारियों के सामने ही डंपर से रेती सड़क पर गिराकर आरोपी भाग गए थे।

अवैध खनन से जुड़े ओवरलोड वाहन ग्रामीण सड़कों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं और संकरी गलियों से गुजरने के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है। जून 2024 में सुल्तानपुर गांव में रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से एक बच्चे की मौत हो गई थी। जुलाई 2024 में अवैध खनन का विरोध करने पर गांव के सरपंच मुकेश पर हमला किया गया था। वर्ष 2025 में पूर्व मंत्री करण दलाल ने ग्रामीणों के साथ सुल्तानपुर गांव में वन विभाग की करीब 343 एकड़ भूमि पर अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाया था।