हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो पलवल की टीम ने मितरोल गांव के नजदीक कार्रवाई करते हुए एक वैगनार कार से 49 पेटी अवैध शराब बरामद की है। मामले में दो युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ब्यूरो के थाना प्रभारी नवीन मोर ने बताया कि सोमवार रात एएसआई विनय दहिया अपनी टीम के साथ मितरोल गांव के पास गश्त और अपराध रोकथाम के लिए तैनात थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खटैला गांव निवासी विनोद और आदित्य मिलकर अवैध शराब का धंधा करते हैं और सफेद रंग की वैगनार कार में शराब लेकर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ ही देर में पलवल की ओर से आती वैगनार कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 49 पेटी शराब बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपित शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सके।
इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर कार और शराब को कब्जे में ले लिया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
