पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर राजेश मल्होत्रा और उसकी पत्नी सीमा रानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि रिटायर्ड कर्मचारियों के वेतन, आकस्मिक बिलों और कर्मचारियों के वेतन से जुड़ी सरकारी राशि में गड़बड़ी की गई। कथित गड़बड़ी की अवधि एक जनवरी 2019 से 20 अक्टूबर 2026 तक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, राजेश मल्होत्रा सिविल अस्पताल में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था और आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उक्त सरकारी राशि में गड़बड़ी की। इस मामले में उसकी पत्नी सीमा रानी की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई है। सेक्टर-7 थाना पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में अहम बात यह है कि राजेश मल्होत्रा पहले से ही नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों के डीएनबी स्टाइपेंड से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले में गिरफ्तार है। उस मामले में पुलिस जांच के दौरान उसके बैंक खाते में करीब 1.80 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज करवाई गई थी। नया मामला दर्ज होने के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

पुलिस अब सरकारी भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड, बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर कथित गड़बड़ी की वास्तविक राशि का पता लगाएगी।