पंचकूला की जिला अदालत ने पत्नी की हत्या के चार साल पुराने मामले में पति सरवन बिंड को दोषी करार दिया है। सेशन जज बिक्रमजीत अरोड़ा की अदालत बुधवार को सजा पर फैसला सुनाएगी। सरवन मूल रूप से बिहार के पटना जिले के गांव मधुबन पथराहट का रहने वाला है और घटना के समय परिवार के साथ रायपुर रानी में रहता था।
पुलिस के अनुसार, सरवन अपनी पत्नी ममता के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते थे। आरोप है कि उसने बच्चों के सामने ममता के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। रायपुर रानी थाना पुलिस ने जुलाई 2022 में उसके खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया था।
सुनवाई के दौरान सरकारी वकील प्रदीप शर्मा ने अदालत में सबूत पेश किए। मामले में सरवन के नाबालिग बेटे की गवाही अहम साबित हुई। बेटे ने बताया कि उसके पिता ने ही ईंट से वार कर उसकी मां की हत्या की थी। उसकी गवाही और अन्य सबूतों के आधार पर अदालत ने सरवन को दोषी करार दिया।
सरवन रायपुर रानी थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम करता था और परिवार के साथ भट्ठे के पास बनी झुग्गी में रहता था। वह चार बच्चों का पिता है। घटना आठ जुलाई 2022 की रात की है। अगली सुबह पास की झुग्गी में रहने वाले धनंजय ने सरवन के बच्चों को झुग्गी के बाहर रोते देखा। अंदर जाने पर ममता का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था और सरवन भी वहां मौजूद था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सरवन फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
