बरेली के बिहारीपुर मुहल्ले में 25 नवंबर 1890 को जन्मे पंडित राधेश्याम कथावाचक ने अपनी सरल भाषा और गायन शैली से रामकथा को घर-घर तक पहुंचाया। खड़ी बोली और लोक नाट्य के सहज मेल पर आधारित राधेश्याम रामायण ने धार्मिक आस्था को स्वर देने के साथ हिंदी साहित्य और भारतीय रंगमंच को भी समृद्ध किया।

कक्षा तीन तक पढ़े पंडित राधेश्याम ने 17 वर्ष की उम्र में रामायण की रचना कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। राधेश्याम रामायण की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके जीवनकाल में ही इसकी सवा करोड़ प्रतियां प्रकाशित होने का उल्लेख मिलता है। बाद में इसकी बिक्री दो करोड़ प्रतियों तक पहुंचने की बात कही जाती है। करीब 80 वर्ष पहले इसकी कीमत महज दो रुपये थी। सरल भाषा, प्रभावशाली संवाद और गायन शैली ने इसे अन्य रामकथा ग्रंथों से अलग पहचान दिलाई। इसकी लाखों प्रतियां उर्दू में भी प्रकाशित हुईं।

एक बार वह रावलपिंडी में कथा कहने पहुंचे तो करीब 50 हजार लोग उन्हें सुनने आए थे। बिना माइक के हुई कथा में श्रोता शांत और एकाग्र होकर बैठे रहे। कथा से भावविभोर महिलाओं ने अपने आभूषण तक दान में चढ़ा दिए। उनके मित्र ने लाहौर की एक सड़क पर राधेश्याम कथावाचक मार्ग का पत्थर लगे होने का उल्लेख किया था।

कथावाचक की पौत्री शारदा भार्गव बताती हैं कि उनका घर साहित्य और रंगमंच का केंद्र था, जहां नाटकों के रिहर्सल होते थे। महर्षि नारद और परिवर्तन जैसे नाटकों का मंचन हुआ। डीएवी इंटर कालेज स्थित अनाथालय के विशाल प्रांगण में देवर्षि नारद नाटक तीन दिन तक चला और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। उनके घर मुंशी प्रेमचंद, पृथ्वीराज कपूर, नीम करौरी बाबा, पंडित मोतीलाल नेहरू, सरोजनी नायडू और करपात्री महाराज जैसी विभूतियां आईं। करपात्री महाराज ने ही शारदा का नामकरण किया। राजनेता भैरो सिंह शेखावत ने भी उनके नाटक में अभिनय किया था। 26 अगस्त 1963 को उनका निधन हुआ, लेकिन उनकी रचनाएं आज भी बरेली की सांस्कृतिक विरासत और गौरव का प्रतीक हैं।

अमेरिका स्थित यूनिवर्सिटी आफ नार्थ कैरोलिना की एसोसिएट प्रोफेसर पामेला लोथस्पाइच ने कथावाचक के काम पर काफी शोध किया। पीलीभीत, बीसलपुर, पूरनपुर आदि स्थानीय कस्बों सहित बिहार के दरभंगा और ब्रज क्षेत्र के रामलीला कलाकार राधेश्याम रामायण से संवाद लेते हैं। बचपन में उनके घर के पास ही चित्रकूट महल था, जहां नाटक कंपनियों के लोग आकर रुकते थे। रिहर्सल के दौरान राग-रागिनियां उन्हें काफी प्रभावित करती थीं, इसलिए वह वहां पहुंच जाते थे। हारमोनियम बजाना और गीत गाना उन्होंने वहीं से सीखा। पिता के सानिध्य में उनकी कलाओं को विस्तार मिला। जब उनके पिता कथा कहने जाते तो वह भी साथ हो लेते। वह गीत गाते तो उनके पिता बाद में उसका अर्थ बताते।