सरकार ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक पारित कराने के उद्देश्य से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। संसदीय कार्य मंत्री के अनुसार लोकसभा का सत्र 30 नवंबर से और राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर से शुरू होगा, तथा 3 दिसंबर को दोनों सदनों की कार्यवाही समाप्त हो सकती है। हालांकि सत्र बुलाने का कारण स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया, पर यह स्पष्ट है कि सरकार इन विधेयकों को पारित कराना चाहती है।

इसी वर्ष अप्रैल में भी सरकार ने विशेष सत्र के जरिये यह प्रयास किया था, लेकिन तब विपक्षी दलों ने एकजुट होकर इसे नाकाम कर दिया था। सरकार ने तब स्पष्ट किया था कि वह लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करके ही रहेगी। संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री ने अपने विशेष लेख में महिला आरक्षण पर सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी की अड़ंगेबाजी का उल्लेख करते हुए कहा था कि नारी शक्ति को न्याय दिलाने के संकल्प को दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।

इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सरकार विधेयकों को दो तिहाई बहुमत से पारित कराने के लिए आवश्यक संख्या बल का प्रबंध कर चुकी है। इसमें आसानी इसलिए हुई होगी क्योंकि आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के कई सांसद अपने दलों का परित्याग कर चुके हैं। शरद पवार की एनसीपी अपने रवैये को बदलने को तैयार दिख रही है, जबकि डीएमके ने कांग्रेस से नाता तोड़ने के बाद संकेत दिया है कि तमिलनाडु को राजनीतिक नुकसान न हो तो वह इस मुद्दे पर सरकार का साथ दे सकती है।

सरकार ने पहले भी विपक्ष को भरोसा दिलाया था कि सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव से हर राज्य का प्रतिनिधित्व प्रतिशत वही रहेगा, लेकिन विपक्ष ने इसे मुद्दा बनाया था कि इस आश्वासन को लिखित रूप में विधेयक का हिस्सा क्यों नहीं बनाया गया। आशा की जानी चाहिए कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल 2029 में महिला आरक्षण लागू करने के संसद के सर्वसम्मति से किए गए वादे को पूरा करने में सहायक बनेंगे। यदि वे अब भी विरोध की राह पर चलते हैं तो आगामी विधानसभा चुनावों में उन्हें महिलाओं की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है।