फुलवारी शरीफ थाने में गुरुवार दोपहर मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक युवक हथकड़ी पहनकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी की पहचान शाहरुख के रूप में बताई जाती है। पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही थी और ऑटो पर बैठाने से पहले उसकी तस्वीर खींच रही थी, इसी दौरान वह भाग निकला।
बताया जाता है कि मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस शाहरुख को पकड़कर थाने लाई थी। पूछताछ में उस पर चोरी के कई आरोप सामने आए और मोबाइल चोरी की बात भी उसने स्वीकार की थी। गुरुवार दोपहर उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने उसे हथकड़ी लगाई और जेल ले जाने से पहले फोटो खींचने लगी।
इसी दौरान ऑटो पर बैठने के वक्त शाहरुख ने पुलिस को गच्चा दिया और हथकड़ी समेत तेजी से भाग निकला। घटना से थाने में अफरातफरी मच गई। आधा दर्जन पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े, लेकिन वह आंखों के सामने से ओझल हो गया। थाने के आसपास कुछ देर तक भाग-दौड़ का नजारा बना रहा, लेकिन पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी।
घटना के बाद पुलिस उसकी भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। थाने से हथकड़ी पहनकर आरोपी के फरार होने का दृश्य देख आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़ा गया युवक जेल जाने से पहले ही पुलिस को चकमा दे गया, अब उसे पकड़ने के लिए पुलिस को फिर मशक्कत करनी पड़ रही है।
