पटना विश्वविद्यालय के स्नातक स्तरीय छात्रावासों में आवंटन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही लगभग सभी कमरे भर चुके हैं। इससे नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों को छात्रावास मिलने की उम्मीद कम है और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने आवंटन की चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल विश्वविद्यालय में नए सिरे से छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

विश्वविद्यालय के अनुसार छह वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू होने से सीटों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। शैक्षणिक सत्र 2023-27 में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई अभी जारी है और वह 2027 में पूरी होगी। ऐसे में इस सत्र के अधिकांश विद्यार्थी 2027 तक छात्रावासों में रहेंगे और उनके कमरे खाली होने के बाद ही नए विद्यार्थियों के लिए सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।

सीटों की कमी का सबसे अधिक असर महिला छात्रावासों पर पड़ा है। गंगा महिला छात्रावास में पटना कॉलेज, साइंस कॉलेज, वाणिज्य महाविद्यालय, बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज की छात्राओं को आवंटन किया जाता है। यहां कुल 88 छात्राओं के रहने की व्यवस्था है, लेकिन वर्तमान में मात्र नौ सीटें रिक्त हैं। इसी तरह मगध महिला कॉलेज परिसर स्थित छात्रावास में 530 छात्राओं की रहने की व्यवस्था है, जिसमें से 2023 में नामांकन ली 375 छात्राओं की पढ़ाई जारी है। इस हिसाब से यहां 155 छात्राओं को ही छात्रावास मिलने की संभावना है।

बीएन कॉलेज, साइंस कॉलेज और पटना कॉलेज के छात्रावासों में भी सीटों की उपलब्धता सीमित है और अधिकांश कमरे पहले से आवंटित हैं। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) प्रो. कामेश्वर पंडित ने बताया कि विश्वविद्यालय में छह वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू है। वर्ष 2023 में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी अभी पढ़ाई कर रहे हैं और छात्रावासों में रह रहे हैं। उनका पाठ्यक्रम वर्ष 2027 में पूरा होगा, इसके बाद ही बड़ी संख्या में छात्रावास के कमरे खाली होने की संभावना है।