प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पटना नगर निगम की एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना का ऑनलाइन माध्यम से शिलान्यास किया। करीब 514.59 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से पटना सहित आसपास के 13 नगर निकायों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत होगी। रामचक बैरिया में कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों की पुनर्प्राप्ति और कचरे से बिजली का उत्पादन किया जाएगा। परियोजना से 15 मेगावाट से अधिक क्षमता का वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र लगने की बात कही गई है।

परियोजना के तहत न्यूनतम 100 टन प्रतिदिन क्षमता का बायो-मीथेनेशन प्लांट, तीन मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सह आरडीएफ केंद्र (प्रत्येक की क्षमता 250 टन प्रतिदिन), 50 टन प्रतिदिन क्षमता की अतिरिक्त मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, 700 टन प्रतिदिन क्षमता का कम्पोस्टिंग प्लांट और 325 टन प्रतिदिन क्षमता का इंजीनियर्ड सैनिटरी लैंडफिल बनाया जाएगा। पटना नगर निगम के अलावा दानापुर, खगौल, फुलवारीशरीफ, संपतचक, फतुहा, बख्तियारपुर, मसौढ़ी, बिहटा, मनेर, नौबतपुर, खुसरूपुर और पुनपुन नगर निकाय इस परियोजना से जुड़ेंगे। इन सभी निकायों से प्रतिदिन करीब 1,607 टन कचरा रामचक बैरिया लाया जाएगा।

संयंत्रों के तकनीकी संचालन, मशीनों के रखरखाव तथा कचरे की छंटाई और प्रसंस्करण से जुड़े कार्यों के लिए 250 से अधिक ग्रीन जॉब्स के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इनमें इंजीनियर, मशीन चलाने वाले कर्मचारी, तकनीकी विशेषज्ञ, बिजली संयंत्र के कर्मचारी और मशीनों की मरम्मत एवं देखभाल करने वाले लोग शामिल होंगे। कर्मचारियों की नियुक्ति चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।

परियोजना का निर्माण कार्य 30 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। सबसे कम 126 करोड़ रुपये की बोली लगाकर चयनित हैदराबाद की एजेंसी पूरे परिसर का 20 वर्षों तक संचालन एवं अनुरक्षण करेगी। इसके लिए विशेष प्रयोजन इकाई मगध सस्टेनेबिलिटी रिसोर्स रिकवरी इकोपार्क लिमिटेड का गठन किया गया है। इस अवसर पर पटना जिला के समाहरणालय स्थित सभागार से सांसद रविशंकर प्रसाद, महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा और उप विकास आयुक्त शुभम कुमार ने ऑनलाइन कार्यक्रम में सहभागिता की।