पौड़ी गढ़वाल के पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में एक प्रेमी-युगल की शादी के बाद बुलाई गई पंचायत के दौरान सहायक समाज कल्याण अधिकारी कामेश पर चाकू से हमला किया गया। घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिवगढ़ निवासी कामेश विकास खंड जहरीखाल, जिला पौड़ी गढ़वाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। हाल ही में वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। गांव पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके परिवार का एक युवक गांव की ही एक युवती को लेकर गया है और शादी के बाद उसने उच्च न्यायालय नैनीताल से सुरक्षा का आदेश भी पारित कराया है।

इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने गांव में पंचायत बुला ली। आरोप है कि पंचायत के दौरान अंकुश ने कामेश को पकड़ लिया, जबकि धर्मेन्द्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। गर्दन और दाएं कंधे में चाकू लगने से कामेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पंचायत में अफरा-तफरी मच गई।

मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।