दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें वार्षिक दीक्षा समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने का कार्यक्रम रद होने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समारोह में पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जरूरी कारणों के चलते अमित शाह समारोह में शामिल नहीं हो सके। गोयल ने कहा कि छात्र गृह मंत्री का इंतजार कर रहे थे और उन्हें देखकर थोड़ी मायूसी हुई होगी। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पीयूष गोयल ने कहा कि उनकी पत्नी यहां से पढ़ी हैं, इसलिए उनका दिल्ली विश्वविद्यालय से अधिक लगाव है। उन्होंने कहा कि यहां से पढ़ने वाले बच्चों का अलग ही प्रभाव होता है, जो पूरे भारत में छाप छोड़ता है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय की कामयाबी यहां के छात्रों से है और देश के कई विश्वविद्यालयों में जाने के बाद भी यहां मिलने वाला अनुभव अलग प्रकार का जोश जगाता है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय की बेटी मनु भाकर का जिक्र करते हुए कहा कि वह यहां से दो मेडल लेकर आई हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यहीं से अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान भी पढ़े हैं। इस विश्वविद्यालय ने बड़े कलाकार और खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि समय बेहद कम है, इसे बर्बाद न करें। देश तरक्की कर रहा है और छात्रों को भी विश्वविद्यालय के जरिए देश की तरक्की में साथ देना चाहिए।
गोयल ने छात्रों को बड़ा सोचने और बड़े सपने देखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटे टारगेट सेट न करें और नाकामयाबी से न डरें। एक बार जो ठान लें, उसे पूरा करें। उन्होंने हमेशा सेल्फ स्टडी पर जोर देने की बात कही और कहा कि आगे जाकर यह बड़ा अधिकारी बनाने में काम आता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहीं से एक दिन प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति जरूर निकलेगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच देश को आगे लेकर जाती है, जबकि नकारात्मक लोग देश के लिए खतरा हैं।
