प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर ब्लॉग लिखकर विपक्ष पर निशाना साधा। कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि विपक्ष की एक प्रमुख पार्टी ने महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने दिया। उनका आरोप है कि यह पार्टी OBC आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। मोदी ने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ने एक बार फिर दिखा दिया कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति उसका सम्मान कितना कम है।
मोदी ने ब्लॉग में लिखा कि इस साल की शुरुआत में जो हुआ, उसने सभी को शर्मसार किया। उन्होंने देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के संकल्प को कोई ताकत नहीं रोक सकती। प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब लोगों को संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि इस साल नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है।
पीएम मोदी ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन का उल्लेख किया। उनका कहना था कि पहले संशोधन से नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई और यह पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 42वें संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संशोधनों का अध्ययन करने को भी कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि तब की सरकारों ने अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया और एक राजनीतिक दल के नाम इसके करीब 100 बार इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35-A के कारण 70 साल से ज्यादा समय तक जम्मू-कश्मीर में पूरा संविधान लागू नहीं हो पाया, जिससे वहां SC, ST, OBC वर्ग और महिलाओं के अधिकारों का हनन होता रहा। उन्होंने कहा कि 2019 में इस अन्याय का अंत हुआ। उन्होंने अपनी सरकार के दौरान हुए 101वें, 102वें और 103वें संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे GST लागू करने का रास्ता खुला, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला और EWS को 10% आरक्षण दिया गया। मोदी ने बताया कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता का भी उल्लेख किया और कहा कि नई व्यवस्था में दंड के बजाय नागरिक और न्याय को महत्व दिया गया है।
