संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य धरोहर बताया और कहा कि यह देश को विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प में मार्गदर्शन करता रहेगा।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए यह बात कही। उन्होंने संविधान के निर्माण में योगदान के लिए डॉ. बी.आर. अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को नमन किया।

अपनी पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि इस पावन अवसर पर वह आदरपूर्वक नमन करते हैं और पूजनीय बाबासाहेब तथा संविधान सभा की सभी महान विभूतियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में उन्होंने हमें जो उपहार दिया है, वह भारतीय लोकतंत्र की एक अमूल्य धरोहर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान 'विकसित भारत' के निर्माण के संकल्प को पूरा करने की दिशा में मार्गदर्शन करता रहेगा।