प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख में विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। पीएम मोदी ने हालांकि कांग्रेस या किसी अन्य दल का नाम नहीं लिया, लेकिन संकेत साफ तौर पर कांग्रेस की ओर था। उन्होंने लिखा कि संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर इसके पूरी तरह खिलाफ थे। फिलहाल केंद्र सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में ओबीसी के लिए 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है।

लेख में पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने एक दशक पहले आज के दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे लोगों की जिंदगी में बड़े बदलाव आए। इस दौरान उन्होंने जीएसटी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 10 फीसदी आरक्षण से जुड़े संशोधनों का उल्लेख किया।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायी संस्थाओं में नारीशक्ति को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। उन्होंने इसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति उस दल के कम सम्मान का प्रमाण बताया और देश की महिलाओं को न्याय दिलाने के अपने संकल्प को दोहराया।

पीएम मोदी ने कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका तय है, लेकिन आज विपक्ष विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बनता जा रहा है। नक्सलवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने आदिवासी क्षेत्रों में गरीबों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा, और इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें संतोष मिला है। उन्होंने कहा कि हथियारबंद नक्सलवाद के खत्म होने के बाद अब केवल दिमागी नक्सली बचे हैं, जो देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिशों में लगे हैं।