प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि हैं। यह कार्यक्रम पहली बार दिल्ली से बाहर हो रहा है। पीएम मोदी पटना से सीधा लखनऊ पहुंचे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।

समारोह में पीएम मोदी दस मेधावियों को सम्मानित करेंगे। सम्मान के लिए देशभर से 52 मेधावियों का चयन किया गया है, जिनमें उत्तर प्रदेश के लखनऊ के शाहबाज खां और नोएडा की संध्या देवी शामिल हैं। कार्यक्रम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगा। लखनऊ में इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी प्रदेश की मजबूत कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर है।

कार्यक्रम में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयन्त चौधरी शाम 5:50 बजे बोलेंगे। इसके बाद लखनऊ के सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 6:07 बजे अपनी बात रखेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष संबोधन शाम 6:17 बजे से होगा, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुख्य संबोधन 6:24 बजे से प्रस्तावित है।

कार्यक्रम के दौरान आईटीआई प्रशिक्षुओं की सफलता पर एक विशेष फिल्म दिखाई जाएगी और शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के ऑल इंडिया टॉपर्स को प्रमाणपत्र मिलेंगे। इस आयोजन में कौशल विकास, रोजगार और युवाओं के हुनर पर विशेष फोकस रहेगा।