प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने दस मेधावियों को सम्मानित किया और देश भर से आए 1200 से अधिक मेधावियों को भारत का भाग्य विधाता बताया। पीएम मोदी ने कहा कि समय बदल रहा है और कागजी सर्टिफिकेट वालों की तुलना में हुनरमंद लोगों की मांग बढ़ने वाली है। उन्होंने कहा कि दुनिया में जितनी सरकारें समझौते कर रही हैं, उनसे 90 हजार से डेढ़ लाख तक हुनरमंद लोगों की मांग की जा रही है।
पीएम मोदी ने युवाओं से बड़े सपने देखने की अपील करते हुए कहा कि यह कभी मत सोचना कि अकेले हैं, जब ऐसा लगे तो समझ लेना कि वह उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि जिसके पास स्किल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने कोविड का उदाहरण देते हुए कहा कि तब पता चला कि स्किल के बगैर काम नहीं चल सकता। पीएम ने कहा कि हिंदुस्तान पहले मोबाइल फोन आयात करता था, आज बेटे-बेटियां मोबाइल बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद सरकार ने पांच हजार नई आईटीआई बनाई हैं और यहां पढ़ने वालों की संख्या पांच लाख बढ़ी है, जबकि लड़कियों की संख्या ढाई गुना से अधिक हो गई है। अब 30 से अधिक नए ट्रेड पढ़ाए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि 2027 में भारत कौशल विकास के विश्व प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा और यह आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। उन्होंने कहा कि योगीजी, केशवजी, पाठक जी और पंकज जी ने उत्तर प्रदेश को बदल दिया है। यहां विश्वविद्यालय बन रहे हैं और पर्यटन फलफूल रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल भी यूपी में बन रही है, जिससे नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले दीक्षांत समारोह में विद्यार्थी बड़े-बड़े कोट, टाई और टोप पहनकर आते थे, लेकिन आईटीआई के हुनरमंद बच्चों का भी दीक्षांत समारोह होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद क्लर्की नौकरियों पर जोर रहा और कौशल पीछे छूट गया। उन्होंने धर्मा जी की किताब का जिक्र करते हुए बताया कि पोस्ट ग्रेजुएट होने के बावजूद उनसे पूछा गया कि गाड़ी चलाना या खाना पकाना आता है या नहीं। पीएम ने कहा कि पीएम सेतु के तहत 60 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और 12-13 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने पश्चिम एशिया में युद्ध के दौरान एलपीजी और पीएनजी गैस की व्यवस्था का भी जिक्र किया और बताया कि तब पता चला कि प्लंबर नहीं हैं।
