प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझी हैं। पीएम मोदी ने नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना जताई और 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डिवेलपमेंट पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है और इसी भावना से संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए कई निर्णय लिए गए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति तथा जनता-से-जनता के जुड़ाव से बने हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। उन्होंने बताया कि 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद करोड़ों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं और 2025 में देश-दुनिया से 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की। आज शुरू की गई सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा से नए रिश्तों को आयाम दिया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि लुंबिनी और बोधगया समेत दोनों स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर काम किया जाएगा। उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचुला मार्ग का उद्घाटन किया गया है और नेपाल की ओर इंटीग्रेटेड पोस्ट का काम आगे बढ़ेगा, जिससे व्यापार और लोगों की आवाजाही सुविधाजनक होगी। बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल के बीच बॉर्डर कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जाएगी।

नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा कि मुसीबत के समय सबसे पहले भारत ही आगे आया, इसलिए वे उसका आभार जताते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध पहले से भी मजबूत रहे हैं, लेकिन अब अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है, जिससे नेपाल में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।