प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली दौरे के दौरान समस्तीपुर को करीब 770.49 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें दो परियोजनाओं का शिलान्यास और दो का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही शहरी आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा।

पीएम मोदी समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र में नगर विकास विभाग की अमृत योजना फेज वन के तहत 129.85 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखेंगे। इस योजना से शहर में 24 घंटे निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। इससे लोगों की वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भरता कम होगी और बढ़ती आबादी तथा शहरी विस्तार को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। इसके अलावा डढिया बेलार में 6.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले श्रम भवन का भी शिलान्यास किया जाएगा।

शुभारंभ होने वाली परियोजनाओं में आरएसबी महाविद्यालय काशीपुर में 10.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार खेल भवन शामिल है। इसके शुरू होने से खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने का मंच मिलेगा। वहीं 624 करोड़ रुपये की लागत वाली एनएच 122बी परियोजना का भी शुभारंभ होगा।

एनएच 122बी परियोजना से समस्तीपुर के साथ वैशाली और बेगूसराय के लोगों को भी फायदा मिलेगा। इससे दलसिंहसराय और पटोरी अनुमंडल के बाजार तथा दलसिंहसराय से हाजीपुर और पटना की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे सरैसा के सब्जी उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। परियोजना से करीब 1.7 करोड़ आबादी को लाभ पहुंचने की उम्मीद है और व्यापार, परिवहन, कृषि ढुलाई तथा आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।