प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तीन दशक पहले बिहार ने देश को उम्मीद और विश्वास की राह दिखाई थी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन का नया भरोसा कायम हुआ और राज्य विकास की लंबी यात्रा तय कर यहां तक पहुंचा है। अब डबल इंजन की सरकार में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। पीएम ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी बिहार में हो रहे विकास का प्रमाण है। उन्होंने छठ महापर्व का जिक्र करते हुए कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से आज बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर उन्होंने गठबंधन के सभी घटक दलों को शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बीस सालों तक बिहार की सेवा की और राज्य को बदहाली से बाहर निकाला। अब सम्राट चौधरी और उनकी टीम उनके कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दिवंगत रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा भी हम पर फूलों की वर्षा करती होगी। आधुनिक पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को उन्होंने मुख्यमंत्री के सम्मान का प्रतीक बताया और कहा कि इस पुल से पटना और वैशाली के बीच की दूरी कम हुई है। किसानों को अपनी फसल और सब्जियां बड़े बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने औरंगाबाद में छह लेन सड़क के लोकार्पण को भी इसी विकास यात्रा की कड़ी बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में हाईवे परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और ऊर्जा तथा शहरी विकास के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। बक्सर, पीरपैंती और फुलवरिया बांध क्षेत्र में सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ा है। जिस बिहार के गांवों में कभी बिजली पहुंचना मुश्किल था, वही बिहार अब बिजली उत्पादन का केंद्र बनता जा रहा है। शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए शासन से पहले बिहार की चर्चा घोटालों के लिए होती थी, लेकिन अब राज्य में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं और अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है। नालंदा, गया, शाहाबाद, कैमूर और पटना समेत अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। डबल इंजन सरकार में दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं। गया जी में स्टील परियोजना पर काम हो रहा है और मोतिहारी में चीनी मिल को फिर से चालू करने के लिए गन्ना नीति बनाई गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए 11 हजार से अधिक नलकूपों की व्यवस्था की गई है और दो सौ से अधिक डिग्री कालेज खोले गए हैं। महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए माता सीता डिग्री कालेज खोलने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को गुमराह करने का काम लंबे समय तक किया गया, जबकि उनकी सरकार ने योजनाओं के माध्यम से गरीबी के खिलाफ लड़ाई आगे बढ़ाई है। देश में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। गरीबों को मुफ्त इलाज की गारंटी के साथ बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बिहार में 43 लाख परिवारों को पक्का मकान दिया गया है, प्रदेश के 75 लाख किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि पहुंचाई गई है और 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए लोगों से विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटने का आह्वान किया और कहा कि हमें न रुकना है, न थकना है। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार जताया।
