भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ओवैसी को '21वीं सदी का जिन्ना' बताते हुए आरोप लगाया कि उनका मकसद सांप्रदायिकता फैलाना और देश-प्रदेश को दंगों की आग में झोंकना है। पाल ने यह भी दावा किया कि ओवैसी हमेशा बाबर, अकबर और औरंगजेब जैसे मुगल आक्रांताओं के पक्षधर रहे हैं।
भाजपा सांसद ने सवाल किया कि असदुद्दीन ओवैसी को संविधान की चिंता अब क्यों होने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे नेता समाज में कट्टरता फैलाकर भारत के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहते हैं।
प्रकाश पाल ने दावा किया कि भारत विरोधी विदेशी शक्तियां लंबे समय से इंडी गठबंधन को अपने एजेंट के रूप में इस्तेमाल कर रही थीं। उनके मुताबिक, जब यह प्रयोग कमजोर पड़ने लगा तो विदेशी ताकतें राहुल गांधी और अखिलेश यादव को दरकिनार कर ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे कट्टर चेहरों को आगे बढ़ा रही हैं।
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि इन विपक्षी दलों के जरिए उत्तर प्रदेश में लव जिहाद, लैंड जिहाद और अन्य जिहादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जमीन तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता इन साजिशों को समझ रही है और चुनाव में इन लोगों को सबक सिखाएगी।
