प्रयागराज के ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में एक छात्रा से मारपीट और कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जब वह अपने डिपार्टमेंट की ओर जा रही थी, तब गेट के सामने प्रॉक्टर और प्रोफेसर के साथ खड़े परास्नातक के छात्र अंकुर सिंह ने उसे जातिसूचक गाली देते हुए बुलाया और बहस शुरू कर दी।
छात्रा के मुताबिक, उसने प्रॉक्टर से हस्तक्षेप करने को कहा, लेकिन आरोप है कि प्रॉक्टर ने अंकुर को कुछ कहने के बजाय उसे ही डांट दिया। विरोध करने पर आरोपित ने उसके बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी और खींचते हुए कैंपस के अंदर ले जाने की कोशिश की। दोबारा विरोध करने पर आरोप है कि उसने पिटाई की और कपड़े फाड़ते हुए निर्वस्त्र करने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर सहेलियों ने उसे आरोपित के चंगुल से छुड़ाया।
पीड़िता की तहरीर पर कर्नलगंज थाने की पुलिस ने परास्नातक के छात्र अंकुर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज ज्ञानेश्वर मिश्रा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छात्र और छात्रा के बीच वाट्सएप चैट को लेकर कुछ विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि वास्तविकता का पता लगाते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
