दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय युवती ने मंगलवार सुबह करीब छह बजे प्रीत विहार थाने पहुंचकर शिकायत दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पीड़िता मंडावली इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है और कड़कड़डूमा स्थित एक कैफे में काम करती है। आरोपी भी उसी कैफे से जुड़े बताए जा रहे हैं और सभी एक-दूसरे के परिचित हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात आठ लोग सल्तनत नाम के एक कैफे में जमा हुए थे। यह कैफे रात 11.30 बजे बंद हो जाता है, लेकिन एक कर्मचारी के पास चाबी होने के कारण देर रात तक पार्टी चलती रही। पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने कथित तौर पर शराब पी और रात करीब 3.30 बजे कैफे से बाहर निकले। इसके बाद युवती के साथ कथित दुष्कर्म की घटना हुई।

पीड़िता का आरोप है कि दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और अन्य साथियों ने उनकी मदद की। पुलिस ने मामले में चार युवकों और दो महिलाओं के नाम प्राथमिकी में दर्ज किए हैं। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज में युवती एक वाहन में एक युवक और दो महिलाओं के साथ जाती दिखाई दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।