वृंदावन श्री हित राधा केली कुंज आश्रम के प्रेमानंद महाराज जी ने मन को काबू में करने को लेकर मार्गदर्शन दिया है। उनका कहना है कि बाहरी युद्धों की तुलना में अपने ही मन से लड़ना सबसे मुश्किल युद्ध है। मन में कई जन्मों की दुर्वासनाएं बसी हुई हैं, जो उसे बार-बार कई तरह के भोगों की तरफ खींचती हैं। लोग अपने मन के प्रति इतनी ममता और लगाव रखते हैं कि उसकी बात काट नहीं पाते। महाराज जी के अनुसार, मनुष्य आज के समय में सब कुछ करने को तैयार है, लेकिन बात जब अपने मन को काबू में करने की आती है, तो उसका विरोध सहन करने के लिए तैयार नहीं रहता। इसी पल व्यक्ति की तपस्या, साधना और पुण्य कर्म क्षीण होने लगते हैं।
प्रेमानंद महाराज के अनुसार, किसी भी व्यक्ति को अगर अपने मन को काबू में करना है, तो उसे सबसे पहले इसके प्रति लगाव कम करना होगा और गलत इच्छाओं का खुलकर विरोध करना सीखना होगा। इस दौरान मन में उठने वाली इच्छाओं को फौरन दबाने या हार मानने के बजाय उन तीव्र इच्छाओं की ऊर्जा को समझना होगा, जो व्यक्ति को शांत और स्थिर करने में मदद करेगी।
इसके अलावा मन को कुछ ऐसे कार्यों में लगाना पड़ेगा, जिससे मन को काबू करने की क्षमता मिलेगी। इसके लिए नाम-जाप, नियमित मेडिटेशन या अपने काम पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है। कोई भी ऐसा काम जिसे करके व्यक्ति खुद को कमजोर, असहाय या गलत महसूस न करे।
महाराज जी का कहना है कि मन से लड़ने के बजाय उसे धीरे-धीरे सही दिशा में ले जाने से ही मन को काबू में किया जा सकता है।
