ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने भारत के सात राज्यों में कार्यरत 10 हजार अस्थायी वन्यजीव रक्षकों के लिए पांच वर्षीय व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कार्यक्रम की घोषणा की है। यह पहल जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा में जुटे कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
यह कार्यक्रम प्रिंस विलियम की संरक्षण पहल यूनाइटेड फार वाइल्डलाइफ ने वैल्यूअर्थ कंजर्वेशन, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया, वाइल्डलाइफ ट्रस्ट आफ इंडिया और इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस के साथ मिलकर शुरू किया है। एक वीडियो संदेश में प्रिंस विलियम ने कहा कि भारत के वन्यजीव रक्षक कठिन परिस्थितियों में दिन-रात काम करते हैं और इस दौरान उन्हें कई तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अब पहली बार 10 हजार रक्षकों को दुर्घटना बीमा सुरक्षा मिलेगी।
प्रिंस विलियम ने बाघों की संख्या बढ़ाने और एक सींग वाले गैंडों के संरक्षण में वन्यजीव रक्षकों के योगदान की सराहना की। इससे पहले प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन ने भारत में आयोजित छठे अर्थशाट पुरस्कार समारोह में हिस्सा लिया था। अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की थी।
