10 नवंबर को रिलीज हुई सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर देशभर में चर्चा है। इसी सिलसिले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वे अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ किताब पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान इमरजेंसी के बाद के दौर का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने अपने स्कूल का एक किस्सा साझा किया।
प्रियंका गांधी ने बताया कि जब दादी (इंदिरा गांधी) चुनाव हार गई थीं, तो उस वक्त माहौल में काफी तनाव था और उन्हें दूसरे घर में जाना पड़ा था। उन्होंने बताया कि स्कूल में एक बच्चा उनके पास आया और बोला कि तेरा चाचा जेल में है और चोर है। इस पर उन्होंने उस बच्चे को थप्पड़ मार दिया। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि जिस दिन वे स्कूल पहुंचे, उनके बगल में कोई नहीं बैठा और वहां एक खाली जगह थी। वे सोच रहे थे कि ऐसा क्यों है, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा और चुप रह गए।
किताब पर हुई इस बातचीत में सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, जिससे उनकी हत्या करना आसान हो गया। सोनिया गांधी ने बताया कि विपक्ष के नेता रहते हुए राजीव गांधी कई बार खुली जीप में सफर करते थे और उन्हें विरोध प्रदर्शनों तथा पत्थरबाजी का सामना भी करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में उनके दौरों के दौरान सुरक्षा को लेकर काफी लापरवाही बरती गई थी।
सोनिया गांधी ने बताया कि एक दौरे पर राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ गए थे, जहां उन्होंने पत्थरबाजी और लोगों का विरोध देखा था। घर लौटने के बाद राहुल ने अपनी मां से कहा था कि अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो बहुत जल्द उन्हें उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ सकता है। सोनिया गांधी के मुताबिक, बिहार का दौरा उनकी चिंता की आखिरी वजह बना और उनकी पहले जताई गई चिंता पर ध्यान नहीं दिया गया। राहुल गांधी ने एक्स पर यह वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनकी मां की किताब 500 से ज्यादा पन्नों की है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई ऐसी बातें छोड़ दी हैं, जिन्हें अभी बताया जाना बाकी है।
