महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पुणे के सिंहगढ़ रोड स्थित अमेजन और बिगबास्केट के डार्क स्टोर्स के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। निरीक्षण में दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए गए, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की गई।

अधिकारियों को गजानन इन्वेंटरीज द्वारा संचालित अमेजन के डार्क स्टोर पर उपयोग की समय सीमा समाप्त हो चुके लड्डू, पेड़े और अन्य खाद्य उत्पाद मिले। इनोवेटिव रिटेल कान्सेप्ट द्वारा संचालित बिगबास्केट के डार्क स्टोर पर समय सीमा खत्म हो चुके केक, ब्रेड, मिल्क रस्क और चटनी मिले। दोनों जगह अस्वच्छ स्थितियां और अनुसूची-चार के प्रविधानों का उल्लंघन भी पाया गया।

डार्क स्टोर ऐसे छोटे आपूर्ति केंद्र होते हैं जिन्हें खास तौर पर ऑनलाइन ऑर्डर पूरे करने के लिए बनाया जाता है और जहां आम ग्राहकों का आना-जाना नहीं होता। वहां अधिक मांग वाली वस्तुएं रखी जाती हैं, ताकि ऑनलाइन ऑर्डर की बहुत तेजी से आपूर्ति की जा सके।

पुणे में ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स वेयरहाउस के खिलाफ विशेष अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत ये निरीक्षण और कार्रवाई की गई।