अमृतसर में संविधान बचाओ, नशे और वोट चोरी के मुद्दे पर हुई कांग्रेस की रैली में प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर लेफ्ट पार्टियों के साथ गठबंधन का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और लेफ्ट पार्टियों से बातचीत कर उचित व्यवस्था बनाई जाएगी। यह बयान अकाली दल द्वारा भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला करने के दो दिन बाद आया है।

विधानसभा हलका पश्चिमी में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार वेरका की अगुवाई में हुई इस रैली में परगट सिंह ने कहा कि पंजाब में भी इंडिया ब्लॉक की तर्ज पर लेफ्ट पार्टियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश को तोड़ना चाहती है, जबकि इंडिया ब्लॉक भारत को तरक्की की राह पर ले जाना चाहता है। आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी टीम बताते हुए उन्होंने उसकी तुलना ईस्ट इंडिया टीम से की।

प्रदेश कांग्रेस प्रधान ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान एक जैसी सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज के हुक्मरान कायदे-कानून से नहीं चलना चाहते और सत्ता को संविधान से बड़ा समझते हैं, जबकि संविधान सत्ता से ऊपर है। उन्होंने कहा कि किसान काले कानूनों के खिलाफ दो साल सड़कों पर रहे और 750 किसानों की शहादत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में अग्निवीर जैसी योजना का कोई वजूद नहीं है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि किसान संघर्ष में 750 से ज्यादा किसानों की शहादत हुई और अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल को जवाब देना चाहिए कि क्या प्रधानमंत्री ने एमएसपी की कानूनी गारंटी और अग्निवीर स्कीम खत्म करने की गारंटी दी है। परगट सिंह ने बताया कि राहुल गांधी से उनकी बातचीत हुई और उनका कहना रहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव की जीत के बाद अटारी बॉर्डर खोला जाएगा, जिससे पंजाब की तरक्की होगी। उन्होंने कहा कि नई पॉलिसी लाकर ड्रग को रोकने की कोशिश की जाएगी और बड़े ड्रग स्मगलरों पर नकेल कसकर नशा कारोबार की चेन तोड़ी जाएगी।