पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस गठबंधन की तैयारी में जुटी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने बुधवार को बताया कि पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने कहा कि वामपंथी दल विपक्षी गठबंधन INDIA का हिस्सा हैं। सीटों के बंटवारे पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक टीम गठित की है, जो वामपंथी दलों के साथ बातचीत कर रही है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी संकेत दिया कि वामपंथी दलों के साथ प्रस्तावित गठबंधन को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियां गठबंधन के लिए सहयोगियों की तलाश कर रही हैं और भाकपा, माकपा तथा अन्य दलों के नेता दिल्ली में बातचीत कर रहे हैं। बाजवा ने कहा कि सीटें केवल वहीं दी जा सकती हैं, जहां उनका आधार है।
इस बीच शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने मंगलवार को गठबंधन की घोषणा की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया था कि मुख्यमंत्री का पद शिअद को मिलेगा, क्योंकि गठबंधन में वही बड़ी पार्टी होगी। परगट सिंह ने इस गठबंधन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल पंजाब के संसाधनों और अधिकारों पर कब्जा करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 2027 के चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष और सांसद अमर सिंह ने शिअद-भाजपा गठबंधन को सिख और हिंदू मतों का ध्रुवीकरण करने के मकसद से किया गया अवसरवादी राजनीतिक समझौता बताया। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड, चंडीगढ़ पर पंजाब के अधिकार और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने जैसे मुद्दों पर अकाली दल के रुख पर सवाल उठाए। इधर परगट सिंह ने घोषणा की कि शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के पूर्व राजनीतिक सलाहकार परमजीत सिंह सिधवां और आम आदमी पार्टी की रूप कौर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
