गन्ने की फसल के रेट और गन्ना मिलों को समय पर चलाने की मांग को लेकर 15 नवंबर से मुकेरियां मिल के आगे किसानों के धरने में हुए हादसे के बाद आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने एक युवक की मौत के बाद मामला दर्ज कर तीन किसान नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पंजाब प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेशनल कन्वीनर सरदार जगजीत सिंह डल्लेवाल ने यह जानकारी दी।

डल्लेवाल ने आरोप लगाया कि धरना स्थल पर पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के कारण एक मोटरसाइकिल सवार युवक ट्राली से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद प्रशासन ने तीन बेकसूर किसान नेताओं पर पर्चा दर्ज कर उन्हें जेल में बंद कर दिया और किसानों के ट्रैक्टर व कारें भी अपनी कस्टडी में ले लीं। मोर्चा ने इस कार्रवाई को सरकार की नाकामी छिपाने का प्रयास बताया और कहा कि हादसा प्रशासन की लापरवाही से हुआ, लेकिन दोष किसानों पर मढ़ा जा रहा है।

मोर्चा ने गिरफ्तार किसान नेताओं की रिहाई के लिए पूरे पंजाब में सख्त कार्यक्रम का ऐलान किया है। 23 नवंबर को मोर्चा सभी जिलों में एसएसपी को मांग पत्र सौंपेगा, जिसमें गिरफ्तार किसान नेताओं को तुरंत रिहा करने, हादसे के लिए जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई करने और मृतक युवक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की जाएगी। मोर्चा ने सरकार को 25 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि अगर नेताओं को रिहा नहीं किया गया तो 25 नवंबर को पूरे पंजाब में तीखा संघर्ष किया जाएगा।

मोर्चा ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों पर बेवजह पराली जलाने के आरोप लगाकर पर्चे दर्ज कर उन्हें बदनाम कर रही है, जबकि न्यायालय के आदेशों की पालना नहीं कर रही है। पत्रकार वार्ता में काका सिंह कोटड़ा, जसवीर सिंह, हरसुलिंदर सिंह ढिल्लों, सुखदेव सिंह भोजराज, सुखपाल सिंह डफ्फर, अमरजीत सिंह राड़ा, राजिंदर सिंह, सोनू ओलख, दिलजीत सिंह, हरदेव सिंह चिट्टी, मलकीत सिंह, सतपाल सिंह, दिलबाग सिंह, मक्खन सिंह, हरदयाल सिंह और कुलविंदर सिंह मछियाणा सहित कई अन्य किसान नेता मौजूद थे।