चंडीगढ़: पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने अनुकंपा के आधार पर नौकरी की मांग करने वाले 51 वर्षीय व्यक्ति की याचिका खारिज करते हुए उस पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। याचिकाकर्ता ने अपने पिता की मौत के करीब 31 साल बाद हरियाणा पुलिस में नियुक्ति के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जस्टिस निधि गुप्ता की बेंच ने सुनवाई के दौरान पाया कि याचिकाकर्ता के पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर थे और 4 फरवरी 1995 को सेवा के दौरान उनका निधन हो गया था।
याचिकाकर्ता ने हरियाणा पुलिस में सहायक सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति की मांग करते हुए उम्र, कद और छाती के माप से जुड़ी निर्धारित शर्तों में छूट देने की अपील की थी। कोर्ट ने पाया कि उसकी नियुक्ति से जुड़ी मांग पहले ही खारिज हो चुकी थी, जिसमें सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी शामिल था।
सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि याचिकाकर्ता को पहले हरियाणा आर्म्ड पुलिस में नौकरी का प्रस्ताव दिया गया था और क्लर्क के पद पर भी अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की पेशकश की गई थी, लेकिन उसने दोनों प्रस्ताव ठुकरा दिए थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए हाई कोर्ट ने याचिका को बेबुनियाद और परेशान करने वाला करार देते हुए खारिज कर दिया।
कोर्ट ने याचिकाकर्ता को चार सप्ताह के भीतर जींद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास 1 लाख रुपये जमा कराने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि तय समय में रकम जमा न कराने पर इसे भू-राजस्व के बकाये के रूप में वसूला जाएगा। जुर्माने की यह राशि बाद में हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को हस्तांतरित की जाएगी।
