अपनी कृषि भूमि से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन के टावर की जानकारी मांगने वाले एक किसान को सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ रही है। झज्जर निवासी मुकेश की याचिका पर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की जस्टिस कीर्ति सिंह ने केंद्रीय सूचना आयुक्त, उनके कार्यालय के पीठासीन अधिकारी और अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया है।

याचिका के अनुसार, मुकेश की कृषि भूमि से ट्रांसमिशन टावर नंबर एल-040 गुजरता है। इससे संबंधित जानकारी के लिए उन्होंने 26 अप्रैल 2023 को आरटीआई आवेदन दिया था। केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी ने 30 जून 2023 को कुछ जानकारी दी, लेकिन बाकी सूचना यह कहते हुए देने से इनकार कर दिया कि संबंधित रिकॉर्ड 14 साल से अधिक पुराना है और विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। याचिका में आरोप है कि विभाग ने न तो रिकॉर्ड संरक्षण नीति पेश की और न ही दस्तावेज नष्ट करने का प्रमाणपत्र दिया।

मुकेश ने 21 जुलाई 2023 को प्रथम अपील दायर की, जिसका निपटारा 22 अगस्त 2023 को हुआ। इससे संतुष्ट नहीं होने पर उन्होंने केंद्रीय सूचना आयोग में दूसरी अपील की। 28 जनवरी 2025 को आयोग ने अधिकारियों को रिकॉर्ड की नए सिरे से तलाश कर आरटीआई आवेदन के बिंदु नंबर दो, तीन और पांच की जानकारी देने का निर्देश दिया।

मुकेश के मुताबिक, अधिकारियों ने निर्देशों का पालन करने के बजाय 12 मार्च 2025 को पत्र और शपथपत्र जारी कर बताया कि बिंदु नंबर दो और तीन की जानकारी उपलब्ध नहीं है। याचिकाकर्ता ने आयोग में दोबारा प्रतिवेदन दिया। आरोप है कि आयोग ने 30 जून 2026 को उसका निपटारा करते हुए पहले आदेश के कथित अनुपालन न होने की उचित जांच नहीं की। मुकेश ने संविधान के अनुच्छेद 226/227 के तहत हाई कोर्ट में याचिका दायर कर 28 जनवरी 2025 और 30 जून 2026 के आदेश रद्द करने तथा बिंदु नंबर दो, तीन और पांच की जानकारी देने के निर्देश मांगे हैं।