जम्मू के झिड़ी मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक संगीत, गायन और मनोरंजक प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में फिल्म निर्माता तारिक खान, जेकेएएस सांस्कृतिक अधिकारी राजिंदर डोगरा, एसडीएम मढ़ एवं मेला अधिकारी अमित भगत तथा शादाब खान विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वंशिका डोगरा और विजयपुरा ब्रदर्स की प्रस्तुतियां रहीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। राम दित्ता एवं पार्टी ने गीतड़ू और लोक संगीत की प्रस्तुति देकर डोगरी लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत किया, जिस पर दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। गीतड़ू जम्मू की डोगरी लोक संस्कृति से जुड़ी पारंपरिक गायन और नृत्य शैली है, जिसे खासतौर पर गांवों में शादी-ब्याह, त्योहारों और अन्य खुशी के मौकों पर पेश किया जाता है। इसमें कलाकार लोकगीत गाते हुए नृत्य करते हैं, जबकि ढोलक, ढोल, चिमटा और बांसुरी जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्र इसकी रौनक बढ़ाते हैं।
यह मेला जिला उपायुक्त जम्मू मिंगा शेरपा की समग्र देखरेख एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन श्री बाबा जित्तो मल मंदिर कमेटी, झिड़ी, मढ़, जम्मू द्वारा किया जा रहा है।
झिड़ी मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु श्री बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दर्शन करने के बाद अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। हरियाणा के श्रद्धालु पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि बाबा जित्तो के दर्शन करने के लिए यहां आना उनके लिए हमेशा से विशेष महत्व रखता है और वे हर वर्ष श्रद्धा के साथ मेले में पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं के अनुसार, झिड़ी मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का भी अनूठा संगम है।
