अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गौंडा गांव में 8 वर्षीय आयुष की गुमशुदगी की सूचना 28 नवंबर की रात 12:22 बजे यूपी 112 पर दी गई थी। परिजन शाम से ही उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई पता न चलने पर पुलिस से मदद मांगी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी 112 ने स्थानीय थाने को अलर्ट किया और शिवरतनगंज पुलिस की टीम ने गांव में तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद कमान संभाली और टीम को बच्चे की जल्द बरामदगी के निर्देश दिए। काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर एसपी ने गांव में अलग-अलग जगह रखे धान के पुआल के ढेरों में खोजबीन करने को कहा। पुलिस टीम ने पुआल के ढेर की तलाशी ली तो बोरियों के पीछे आयुष गहरी नींद में सोता हुआ मिला।
सूचना मिलने के करीब एक घंटे के भीतर पुलिस ने आयुष को सकुशल बरामद कर उसकी मां लक्ष्मी के सुपुर्द कर दिया। बच्चे को सही-सलामत देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और परिवार में खुशी लौट आई।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत गुमशुदा बच्चों की तत्काल तलाश करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिछड़े हुए बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाना एक सुखद अनुभव है।
